औरैया। साल 2008 में स्वास्थ्य विभाग में हुई एक्सरे टेक्नीशियन भर्ती मामले में जिले में हुई एक भर्ती की तस्वीर जल्द स्पष्ट होगी। चिकित्सा महानिदेशक की ओर से तलब किए गए कागजात को सीएमओ ने जुटाते हुए भेज दिया है। विभागीय सूत्रों की माने तो नियुक्ति पत्र पर सभी के हस्ताक्षर भी हैं। पहली नजर में कागजों में कुछ खामी नजर नहीं आई है फिर भी शासन स्तर से इस पूरे मामले को स्पष्ट किया जाएगा।
साल 2008 में स्वास्थ्य विभाग में हुए एक्सरे टेक्नीशियन भर्ती में प्रदेशभर में 79 लोगों का चयन हुआ था। 79 पदों के मुकाबले 140 को तैनाती दे दी गई थी। चयनित अभ्यर्थियों के अलावा अन्य लोगों के नौकरी पाने का यह मामला इन दिनों सुर्खियों में है। प्रदेश से लेकर जिला स्तर पर खलबली मची हुई है। चूंकि इस भर्ती के दौरान एक नियुक्ति जिले में भी हुई थी। जिले में इस भर्ती के जरिए तैनाती पाने वाले एक लैब टेक्नीशियन को भी जांच के दायरे में लिया गया है। इसे देखते हुए चिकित्सा महानिदेशक ने सीएमओ को पत्र जारी किया था। इसमें संबंधित टेक्नीशियन की तैनाती के संबंध में कागजात तलब किए गए हैं।
पांच बिंदुओं पर मांगे गए कागजात को जुटाते हुए सीएमओ ने शासन को रिपोर्ट भेज दी है। सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शासन स्तर से एक टेक्नीशियन के नियुक्ति संबंधी कागजात मांगे गए थे, जिन्हें जुटाते हुए समुचित रिपोर्ट शासन में भेज दी गई है। नियुक्ति पत्र में हस्ताक्षर व अन्य जानकारी को तो ठीक लग रही है। नियुक्ति सही है या गलत अब यह शासन स्तर से तय किया जाएगा।
-
इन पांच बिंदुओं पर खंगाले गए कागजात
- महानिदेशालय स्तर से निर्गत टेक्नीशियनों की चयन सूची
- महानिदेशालय स्तर से निर्गत संशोधित आदेशों की प्रतियां
- विभाग की ओर से जारी नियुक्ति पत्र
- अभ्यर्थी द्वारा किए गए प्रथम योगदान व प्रभार प्रमाणपत्र की प्रति
- संबंधित एक्सरे टेक्नीशियन की प्रमाणित सेवा पुस्तिका की प्रति