दिबियापुर (औरैया)। नगर के सरस्वती विद्या मंदिर में बने क्वारंटीन सेंटर में शुक्रवार को 18 लोगों के और पहुंचने से यहां कुल संख्या 74 पहुंच गई। यह सभी दयालपुर मोहल्ले में निकले चार पाजिटिव मरीजों के संपर्की व परिवार के लोग हैं, इन सबकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। शनिवार को यहां पहुंचे डीएम अभिषेक सिंह ने स्वास्थ्य, राजस्व एवं पुलिस टीम को दिशा-निर्देश दिए। देर शाम तक अजीतमल क्षेत्र के क्वारंटीन किए लोगों के आने की उम्मीद है।
डीएम अभिषेक सिंह एवं एसपी सुनीति ने सरस्वती विद्या मंदिर में बने क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी दिबियापुर अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव को निर्देश दिए कि सभी क्वारंटीन व्यक्तियों को अलग-अलग रखा जाए। उनके खाने-पीने की व्यवस्था की जाए। किसी क्वारंटीन व्यक्ति द्वारा कोई परेशानी उत्पन्न की जाती है तो थानाध्यक्ष को अवगत कराया जाए। सभी क्वारंटीन व्यक्तियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए। सभी व्यक्तियों को मास्क पहनने की अनिवार्यता बताई। इधर, सीएचसी दिबियापुर अधीक्षक डा. जितेंद्र यादव ने बताया कि यहां पर कुल 180 लोगों के क्वारंटीन किए जाने की क्षमता है।
25 स्वास्थ्य कर्मी क्वारंटीन, सैंपल जांच को भेजा
दिबियापुर (औरैया)। सीएचसी दिबियापुर के लेवल वन आईसोलेशन वार्ड में 15 दिनों तक कार्यरत रहे 25 स्वास्थ्य कर्मियों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। सीएचसी अधीक्षक डा. जितेंद्र यादव ने बताया कि सभी स्वास्थ्य कर्मियों को होटल शिव गैलेक्सी में 14 दिनों के लिए क्वारंटीन किया गया है। इस दौरान उन्हें घर जाने की अनुमति नहीं है। स्वास्थ्य कर्मियों की 15 दिनों की ड्यूटी अवधि में 4 कोरोना संक्रमित तब्लीगी जमाती दिबियापुर में आईसोलेशन वार्ड में रुके थे।