सीओ ने 15 वार्डों में जाकर मोहल्लों को सैनिटाइज कराने का काम किया
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में अजीतमल तहसील के हालेपुर गांव में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद जिले के अधिकारी अलर्ट जोन में हैं। कहीं भी कोई चूक न हो जाए इसके लिए वह खासे अलर्ट हैं।
शनिवार को बिधूना नगर क्षेत्र को सैनिटाइज किए जाने का काम चल रहा था। ऐसे में यहां तैनात सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने एक ट्रैक्टर की स्टेयरिंग खुद संभाल ली और नगर क्षेत्र के सभी 15 वार्डों में जाकर मोहल्लों को सैनिटाइज कराने का काम किया।
उनकी यह कार्यशैली शनिवार को खासी चर्चा का विषय बनी रही। इस दौरान उन्होंने वॉर्ड के लोगों से लॉकडाउन के दौरान उनकी समस्याएं भी पूछीं। बिधूना में तैनात सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने नगर पंचायत के ट्रैक्टर की स्टेयरिंग खुद संभाल ली।
उन्होंने ट्रैक्टर को ड्राइव करते हुए नगर क्षेत्र के 15 वॉर्डों का भ्रमण किया। साथ ही प्रत्येक वॉर्ड को सैनिटाइज भी किया। ट्रैक्टर से आगे-आगे सीओ और पीछे-पीछे नगर पंचायत के कर्मी और पुलिस चल रही थी। यह सभी 15 वॉर्डों में गए और वॉर्डों को सैनिटाइज करने का काम शुरू किया। इस दौरान सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने लोगों के साथ बातचीत भी की।
कहा कि अगर कोई समस्या है तो वह उनके सीयूजी नंबर व कंट्रोल रूम नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने बिधूना की जनता से लॉकडाउन का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील की।