एरवाकटरा। कस्बा उमरैन में किशनी-बिधूना मार्ग पर आंबेडकर पार्क के पास बरसात के पानी भरा है। जल निकासी के इंतजाम न होने के कारण राहगीरों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर भरे पानी के कारण कस्बे का व्यापार भी प्रभावित होने लगा है।
कस्बा निवासी रिंकेश गुप्ता, वकील अहमद, वेद प्रकाश गुप्ता, रंजीत कुमार, आशुतोष, अफसर मुहम्मद, इस्त्याक अहमद, मुहम्मद कासिम, राहुल शाक्य, प्रह्लाद शाक्य, लालू आदि ने बताया कि कस्बे के किशनी-बिधूना मार्ग पर जल निकास के लिए कोई नाला न होने के कारण बरसात और घरों का पानी सड़क पर भरता है। जिससे प्रतिदिन पैदल और साइकिल से स्कूल आने-जाने वाले सैकड़ों बच्चे व अन्य राहगीर को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार पानी भरी सड़क से तेज रफ्तार वाहन के गुजरने के दौरान गंदे पानी के छीटों से बचने को पैदल चलने वाले लोग बचने का प्रयास करते हैं। जिससे वह गिरकर घायल हो जाते हैं। इस समस्या से निजात के लिए स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया। लेकिन समस्या का निराकरण नहीं किया जा सका है। समस्या का निराकरण न होने पर ग्रामीणों व राहगीरों में जिम्मेदारों के प्रति आक्रोश देखने को मिल रहा है।
‘उमरैन कस्बा में जलभराव का मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।’- रमेश कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी एरवाकटरा