अछल्दा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फतेहपुर गांव के समीप बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार की देर रात दूधिया के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। घायल दूधिया को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया।
क्षेत्र के गांव नगरिया निवासी धीरेंद्र पाल दूध बेचने का काम करता है। शुक्रवार को वह अछल्दा कस्बे में दूध बेचकर देर रात अपने गांव लौट रहा था। फतेहपुर गांव के समीप रेलवे पुल के पास पहुंचने पर पीछे से आए चेहरा ढके बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने उसके साथ तमंचे के बल पर मारपीट की। मारपीट में पीड़ित के चोटें आई हैं। आरोप है कि बदमाश उसका मोबाइल और जेब में पड़े दो हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि किसी तरह वह गांव पहुंचा। परिजन व ग्रामीण पीड़ित को थाना पुलिस के पास लेकर पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सीओ बिधूना भरत पासवान ने बताया कि जांच पड़ताल की गई। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।