औरैया। दिलीप यादव हत्याकांड में अब पुलिस की रडार पर रामू और राहुल हैं। इनकी संलिप्तता में छानबीन कर सबूत जुटाए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस इनकी तलाश में लगी है। पुलिस का दावा है कि इस मामले में जल्द नतीजे सामने आएंगे।
मैनपुरी के भोगांव निवासी दिलीप यादव पर 19 मार्च को जानलेवा हमला किया गया था। मारपीट के बाद सिर के पिछले हिस्से में गोली मारी गई थी। हमलावर उसे मृत समझकर भाग निकले थे। वारदात के दो दिन बाद दिलीप की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस की छानबीन में दिलीप की पत्नी सियापुर निवासी प्रगति व उसका प्रेमी अनुराग यादव को पकड़ा गया था। साथ ही हमलावरों में शामिल शूटर रामजी नागर को भी धर दबोचा गया था। तीनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
इस बीच पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान सहार के पास चमरौआ निवासी दुर्लभ यादव व शिवम को पकड़ा था। दिलीप की हत्या में शामिल इन पांचों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में चमरौआ प्रधान रामू यादव व अछल्दा के बलदेव की मड़ैया निवासी राहुल की भी हत्याकांड में संलिप्तता बताई थी। ऐसे में पुलिस रामू यादव व राहुल की तलाश कर रही है। वहीं, संलिप्तता के लिए छानबीन भी कर रही है। हत्या जैसे गंभीर मामले में पुलिस कोई भी साक्ष्य अछूता नहीं छोड़ना चाह रही है। दोनों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें भी दबिश दे रही हैं। थानाध्यक्ष सहार पंकज मिश्रा ने बताया कि विवेचना चल रही है। रामू व राहुल फरार हैं। दोनों की संलिप्तता के साक्ष्य व गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।