कानपुर। केसीए से मान्यता प्राप्त कानपुर क्रिकेट क्लब की द्वितीय अजय शर्मा स्मारक टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में खांडेकर एकेडमी ने आदर्श क्लब को 66 रन से मात दी। दूसरे मैच में कानपुर क्रिकेटर्स ने एसएसए को छह विकेट से पराजित किया।
किदवईनगर स्थित साउथ मैदान पर पहले मैच में खांडेकर एकेडमी ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 183 रन बनाए। इसमें अल्मास शौकत ने 61 व राहुल सिंह ने 30 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में रितिक सोनकर ने चार, अमित कुमार ने दो को आउट किया। जवाब में आदर्श क्लब की पूरी टीम 17.1 ओवर में 117 रन पर आउट हो गई। इसमें सत्येंद्र यादव ने 40 रन, राज कुशवाहा व सौरभ यादव ने 24-24 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में ईशान खन्ना ने तीन, दीपांशु सिंह, आदित्य ने दो-दो को आउट किया। मैन ऑफ द मैच अल्मास शौकत बने।
दूसरे मैच में कानपुर साउथ मैदान पर एसएसए की टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 138 रन बनाए। इसमें ध्रुव व धनंजय ने 27-27 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में चारू सोनकर, मिलन यादव व शशांक अवस्थी ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में कानपुर क्रिकेटर्स की टीम ने 18.3 ओवर में चार विकेट पर 141 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसमें समन्वय दीक्षित ने 65 रन व प्रशांत ने 35 रन बनाए, गेंदबाजी में अमित गुप्ता ने दो को आउट किया। मैन ऑफ द मैच समन्वय दीक्षित को चुना गया।