औरैया। डीबीए सदस्य के साथ मंगलवार को कचहरी आते समय पीआरबी सिपाही की ओर से अभद्रता किए जाने पर आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कचहरी के सामने का मार्ग जाम कर दिया। मामला एसपी के संज्ञान में आते ही उन्होंने सिपाही को निलंबित करते हुए एएसपी को जांच सौंपी है।
घटनाक्रम के तहत डीबीए सदस्य सोनल कुमार एडवोकेट घर से कचहरी के लिए बाइक से सुबह निकले। जैसे ही वह कखावतू कालोनी के निकट पहुंचे ही थे। कि तभी सड़क पर खड़ी डायल 112 पर तैनात सिपाही शिवम कुमार से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। जिस पर उक्त सिपाही ने परिचय देने के बावजूद वकील के साथ अभद्रता कर दी।
थोड़ी देर बाद जब सोनल कुमार ने कचहरी पहुंचकर अधिवक्ताओं को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी, तो अधिवक्ताओं में पुलिस को लेकर आक्रोश व्याप्त हो गया। देखते ही देखते आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कचहरी के सामने की सड़क पर जाम लगा दिया। जिससे वाहनों का अवागमन ठप हो गया।
जानकारी मिलते ही सीओ सिटी महेंद्र प्रताप ने कचहरी पहुंचकर अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अधिवक्ता अभद्रता करने वाले सिपाही के निलंबन की मांग पर अड़ गए। अधिवक्ता सीओ के साथ कोतवाली पहुंचे। जहां सीओ ने घटनाक्रम की जानकारी एसपी अभिजित आर शंकर व एएसपी आलोक मिश्रा को दी। जिस पर एसपी ने तत्काल प्रभाव से सिपाही शिवम कुमार को निलंबित कर दिया। तब जाकर अधिवक्ताओं का गुस्सा शांत हुआ और फिर उन्होंने जाम खोल दिया। एएसपी ने बताया कि इस मामले में सिपाही के निलंबन के बाद एसपी ने उन्हें जांच सौंपी है।