बेला (औरैया)। बेला थाना क्षेत्र के कस्बा सहार निवासी एक पीड़िता ने पति समेत ससुरालीजनों के खिलाफ केरोसिन डालकर जलाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा सहार निवासी आशा देवी पत्नी राघवेंद्र उर्फ सोनू ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति व अन्य ससुरालीजनों ने सोमवार की शाम उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उक्त लोगों ने उसे घर के कमरे में बंद कर दिया तथा उसके ऊपर केरोसिन डालकर जलाने का प्रयास किया। यही नहीं उसके पति ने लाइसेंसी बंदूक से उसे मारने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह से कमरे का दरवाजा तोड़कर वहां से जान बचाकर भाग निकली। तत्काल 112 पर पुलिस को फोन से सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से उसके पति को हिरासत में ले लिया। थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति के अलावा देवरानी पूनम, बहनोई सर्वेश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी होते ही देवरानी पूनम व बहनोई सर्वेश फरार हो गए। थानाध्यक्ष ब्रजेश भार्गव ने बताया कि पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामला संदिग्ध लग रहा है, जांच की जा रही है।