कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन को दो करोड़ से चमकाने का काम शुरू कर दिया है। चार माह से निर्माणाधीन प्लेटफार्म पर परेशानियां झेल रहे यात्रियों ने रंग- बिरंगे पत्थर बिछते देख राहत की सांस ली है।
फ्रंट कारीडोर की देखरेख में ऊबड़ खाबड़ पड़े कंचौसी रेलवे प्लेटफार्म पर पत्थर बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। पूर्व में लखनऊ की कार्रदाई संस्था स्वाती इंटरप्राइजेज द्वारा प्लेट फार्म पर कराए गए काम को गुणवत्ता परक पाए जाने पर 75 मीटर हिस्से को जेसीबी से गिरवा दिया गया था।
इससे चार माह से काम बंद पड़ा हुआ था, जबकि फ्रंट कारीडोर के इंजीनियर प्लेटफार्म गिरवाने की बात पर रेल पटरी व प्लेट फार्म के साथ-साथ नई रेलवे लाइन बिछाने में हो रही असुविधा को इसका कारण बताकर अपना पल्ला झाड़ते दिखे।
वहीं प्लेटफार्म के उखड़े होने से आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। इधर काम शुरू होने से उन्होंने राहत की सांस ली है। वहीं इस बार प्लेटफार्म के निर्माण में खास बात दिखाई दे रही है।
गुणवत्ता परक काम करने के चलते प्लेटफार्म़ पर रंग-बिरंगे पत्थरों को बिछाया जा रहा है, जिससे प्लेट फार्म चमकता दिखाई देने लगा है। इस संबंध में फ्रंट कारीडोर के सहायक इंजीनियर संजीव कुमार ने बताया कि प्लेटफार्म का निर्माण मानक अनुरूप कराया जा रहा है। इसकी निगरानी व जांच को इंजीनियरों की टीम लगी हुई है।