औरैया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हेलीकाप्टर से गल्ला मंडी समिति में आएंगे। जहां से जालौन चौराहा स्थित माधव मंगल वाटिका में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
पार्टी कार्यालय की ओर से जारी किए गए कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले इटावा पहुंचेंगेे। वहां से वह दोपहर तीन बजे गल्ला मंडी आएंगे। जहां से तीन बजकर 10 मिनट पर जालौन चौराहा स्थित मंगल वाटिका में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम के तहत औरैया विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के साथ 45 मिनट संवाद करेंगे। इसके उपरांत शाम चार बजे गल्ला मंडी पहुंचकर नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
उधर, अचानक से राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम की सूचना आते ही भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा के साथ भाजपाई गल्ला मंडी में जिला प्रशासन के सहयोग से तैयारियों में जुट गए। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए पुलिस व अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।