फोटो-33- घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ करती पुलिस। संवाद
- फोटो : 1
एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के लज्जानगर गांव में चोरों ने सेना में हवलदार के सूने घर से 20 लाख रुपये कीमत जेवर और नकदी पार कर दी। घटना के समय मां अपने बेटे को दवा दिलाने बिधूना गई थी। लौटने पर घर अंदर से बंद मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। इस दौरान कमरे में लैपटॉप व अन्य कीमती सामान मिला। पुलिस का कहना है कि घर में घुसने का कोई रास्ता नहीं है। ऐसे में पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानकर जांच शुरू कर दी है।
गांव लज्जानगर निवासी जितेंद्र कुमार शाक्य उधमपुर-श्रीनगर में थलसेना में हवलदार हैं। उनका बिधूना रोड पर मकान है। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे सुनीता अपने बड़े बेटे गुलशन को बाइक से दवा दिलाने बिधूना गईं थीं। उनका छोटा बेटा साहिल बिधूना स्थित स्कूल गया था। करीब एक घंटे बाद जब वह बेटे के साथ लौटीं और गेट का ताला खोलने का प्रयास किया, तो अंदर से कुंडी बंद मिली।
जानकारी के बाद पड़ोसी इकट्ठा हो गए और पड़ोस की छत के रास्ते एक युवक अंदर गया और मुख्य गेट खोला गया। घर के अंदर पहुंचे तो कमरा खुला मिला और अलमारी का लॉकर टूटा पड़ा था। उससे सोने के दो हार, पांच अंगूठियां, एक जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी झाले, दो चेन और 53 हजार रुपये नकद पार मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और पीड़ित से पूछताछ की। जांच के दौरान कमरे में कई कीमती सामान पड़े मिले। इस आधार पर पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है और पारिवारिक व रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है। सीओ पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
फोटो-33- घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ करती पुलिस। संवाद- फोटो : 1