फोटो-30- क्रॉसिंग खुलने के बाद निकलते लोग। संवाद
अछल्दा। साप्ताहिक बाजार व त्योहार पर वापसी के चलते बृहस्पतिवार दोपहर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लग गया। लगातार ट्रेनों के आवागमन से लोग जाम में फंसकर परेशान रहे। थाना पुलिस की मशक्कत के बाद दोपहर सवा तीन बजे जाकर जाम खुल सका।
दोपहर एक बजे से ही क्रॉसिंग पर जाम लगना शुरू हो गया था। गेटमैन ने दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर फाटक बंद किया उसके बाद एक बजकर 30 मिनट पर गेट खोला गया। नौ मिनट बाद डाउन लाइन पर गाड़ी आने से गेटमैन ने फाटक बंद करने का प्रयास किया लेकिन क्रॉसिंग पर गाड़ियां फंसी होने से गेट बंद नहीं हो सका। इससे कानपुर की ओर जा रही 04180 प्रयागराज स्पेशल एक्सप्रेस को आउटर के होम सिग्नल पर पांच मिनट के लिए रोका गया। मौके पर मौजूद थाना पुलिस ने फाटक को दोपहर एक बजकर 46 मिनट पर बंद करवाकर ट्रेन को रवाना किया। इसके बाद भी जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मशक्कत के बाद दोपहर सवा तीन बजे जाम को पूर्ण रूप से खुलवाया तब जाकर लोगों को राहत मिली।