औरैया। शहर के मोहल्ला खिड़की साहब राय निवासी इति शिवहरे को विश्वास फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में युवा गीतकार सम्मान दिया जाएगा। इति की इस उपलब्धि पर जिले के संगीत प्रेमियों में खुशी की लहर है।
इति शिवहरे वर्तमान में दलाबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में शोध छात्रा हैं। वह बताती हैं कि उन्हें बचपन से ही कविता व गीत लेखन में रुचि है। उत्कृष्ट कविता लेखन के चलते कवि डॉ. कुमार विश्वास की अनुशंसा पर उन्हें युवा गीतकार सम्मान के लिए चुना गया है। जिसमें उन्हें 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि व प्रतीक चिह्न दिया जाएगा।
इति ने बताया कि यह सम्मान उन्हें नोएडा के एक होटल में 19 से 21 जुलाई तक होने वाले अधिवेशन में डॉ. कुमार विश्वास देंगे। अधिवेशन में देश भर के साहित्यकार, गीतकार और कवि उपस्थित रहेंगे। वह भी अधिवेशन में काव्य पाठ करेंगी।