औरैया। शुक्रवार और शनिवार को हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन दो दिनों से बारिश के रुकते ही हालात बिगड़ने लगे हैं। लोगों को उमस भरी गर्मी सताने लगी है। मंगलवार को पूरे दिन लोग परेशान रहे। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
मौसम विभाग ने 14 जुलाई तक तेज हवाओं व गरज-चमक के साथ ही स्थानीय स्तर पर बारिश के आसार जताए हैं। वहीं आठ व नौ जुलाई तो तेज बारिश की संभावना भी जताई थी, लेकिन इन दो दिनों में एक बूंद भी बारिश नहीं देखने को मिली। मानूसन की दस्तक से तापमान में गिरावट देखने को मिली थी। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा था, लेकिन इन दो दिनों में बारिश न होने और तेज धूप के कारण लोगों को एक बार फिर उमस भरी गर्मी के कारण परेशान होना पड़ रहा है।
सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जबकि मौसम में आर्द्रता 74 और 85 प्रतिशत देखने को मिली। हवाओं की गति औसतन पांच से आठ किलो मीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दर्ज की गई। मौसम विभाग की मानें तो पांच दिनों तक हल्के बादल छाए रहने के कारण 14 जुलाई तक स्थानीय स्तर पर बारिश के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. अनंत कुमार ने बताया कि आने वाले 48 घंटों में हल्की बारिश के आसार दिखाई दे रहे है। हालांकि तापमान में अब अधिक तेजी नहीं देखने को मिलेगी। सोमवार की सुबह हल्के बादल छाए रहे, लेकिन सूरज की किरणें पड़ते ही बादल छट गए। इसके चलते पूरे दिन लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशान होना पड़ा। पसीने से तरबतर लोग चिपचिपाती गर्मी से परेशान दिखे। शाम होते ही गर्मी से निजात पाने के लिए लोग घरों की छतों पर दिखे। हालांकि बाजारों में सूरज ढलते ही सन्नाटा देखने को मिला।