औरैया। पनकी नहर में मिले मां-बेटी के शवों की शिनाख्त दिबियापुर के समीप ग्राम हरचंदपुर निवासी महिला के रूप में होने के बाद पनकी पुलिस ने हत्या के तार जोड़ने के प्रयास किए। मंगलवार की शाम पहुंची पनकी पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। कुछ लोगों को पुलिस अपने साथ भी ले गई है।
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी को पनकी नहर में एक महिला एवं 4 वर्षीय बच्ची का शव मिला था। काफी प्रयासों के बाद महिला एवं बच्ची की शिनाख्त मंगल बाजार रोड स्वर्ण पार्क नागलोई दिल्ली में रहकर काम करने वाले हरचंदपुर दिबियापुर के मूल निवासी नीरज पुत्र शंकरलाल की 25 वर्षीय पत्नी मोनी एवं उनकी 4 वर्षीय बेटी वैष्णवी के रूप में हुई थी।
महिला एवं उसकी बेटी 9 फरवरी को नागलोई से गायब हो गई थी। इस मामले में पनकी पुलिस ने दिबियापुर के समीप ग्राम हरचंदपुर में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। साथ ही कुछ लोगों को अपने साथ भी ले गए। इस संबंध में दिबियापुर थाने के इंस्पेक्टर निर्भय चंद्र का कहना है उन्हें पनकी पुलिस ने बताया है कि 27 फरवरी को शव पनकी नहर में मिले थे।
बाद में कानपुर देहात में रहने वाले महिला के मायके पक्ष के लोगों ने शव की शिनाख्त 25 वर्षीय मोनी एवं 4 वर्षीय बेटी वैष्णवी के रूप में की थी। इस घटना के खुलासे के लिए पनकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार शाम को दिबियापुर पहुंची पनकी पुलिस ने मामले के संबंध में कुछ लोगों से पूछताछ की थी।