रुरुगंज। कानपुर देहात के सिकंदरा थानाक्षेत्र में हाईवे पर मंगलवार को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल टैंकर परिचालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक का शव उनके पैतृक गांव पहुंचा तो परिजन में चीख-पुकार मच गई। बाद में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बिधूना कोतवाली के गांव रौरी निवासी राजेंद्र कुमार जाटव (46) टैंकर परिचालक थे। मंगलवार को सिकंदरा क्षेत्र में कानपुर-इटावा हाईवे पर खोजाफूल और महटोली के बीच एक ढाबे के पास तेज रफ्तार ट्राला ने आगे चल रहे टैंकर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टैंकर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और राजेंद्र कुमार उसमें बुरी तरह फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजेंद्र कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव गांव लाया गया। परिजन के अनुसार, राजेंद्र करीब एक सप्ताह पहले ही घर आए थे और हाल ही में वापस काम पर लौटे थे।