सुभाष चौक से कानपुर जाने वाले मार्ग पर पसरा सन्नाटा
- फोटो : AURAIYA
औरैया। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए 55 घंटे की बंदी की घोषणा के चलते रविवार को दूसरे दिन बंद का प्रभावी असर दिखा। शहर व ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। प्रमुख चौराहों व बाजारों में पुलिस का कड़ा पहरा रहा।
कोरोना के भय से अधिकांश लोग घरों में ही रहे। हालांकि कुछ दोपहिया व चार पहिया वाहन फर्राटा भरते दिखे। इसके चलते पुलिस ने वाहन व बिना मास्क लगाए घूम रहे लोगों की चेकिंग अभियान चलाया। इससे लोगों में हड़कंप मचा रहा।
बंदी के दूसरे दिन भी शहर के प्रमुख बाजार बंद रहे। इस दौरान पुलिस ने शहर में प्रमुख बाजारों व चौराहों पर रूट मार्च कर लोगों से कोरोना महामारी से बचाव के लिए मास्क पहनकर सड़कों पर निकलने की अपील की।
साथ ही बिना मास्क टहलते मिले लोगों को पकड़कर कोतवाली पहुंचाया। जुर्माना वसूलने के बाद बाद में छोड़ा गया। बिना हेलमेट लगाए फर्राटा भर रहे वाहन चालकों को रोक कर उनका ऑनलाइन चालान किया। वहीं, कोरोना के डर से ज्यादातर लोग घरों के अंदर ही रहे।
रविवार को शाम को भी पुलिस ने कई जगह रूट मार्च किया। कोतवाली इंस्पेक्टर रामसहाय सिंह ने बताया कि बिना मास्क व बिना हेलमेट के सड़कों पर नजर आने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसलिए कोई भी व्यक्ति निर्देशों का उल्लंघन न करें।