बेला (औरैया)। 45 से अधिक उम्र के ऐसे कार्डधारक जिन्होंने कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाई है, उनको राशन मिलने पर रोक संभावित है। बिधूना एसडीएम ने कोटेदारों को निर्देश दिए हैं कि वह ऐसे लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। यदि इसके बाद भी वह वैक्सीन नहीं लगवाते हैं तो उन्हें राशन न दें।
कोरोना से बचाव के लिए एसडीएम बिधूना ने ये पहल की है। जिले में दो लाख 60 हजार 63 कार्डधारक हैं। जिसमें 9 लाख 76 हजार 692 लाभार्थी हैं। इनमें से दो लाख से अधिक लाभार्थी ऐसे हैं, जिनकी उम्र 45 वर्ष से अधिक है। उपजिलाधिकारी बिधूना राशिद अली ने पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के कोटेदारों को निर्देशित किया है कि वह सभी कार्डधारकों जिनकी उम्र 45 वर्ष से अधिक है, उन्हें तत्काल नजदीकी सीएचसी केंद्र व उपकेंद्रों पर जाकर वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें। कार्डधारकों से वैक्सीन लगवाने में सहयोग करने की अपील की है। 45 वर्ष से अधिक उम्र के कार्डधारक वैक्सीन नहीं लगवाते है, तो उन्हें सरकारी दुकान से राशन नहीं मिलेगा।