बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के गांव चकरपुर नहर पुल के पास रखी एक झोपड़ी और खोखे में आग लगने से दुकान व गृहस्थी का करीब ढाई लाख रुपये का सामान जल गया। पुलिस व ग्रामीणों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गांव चकरपुर निवासी नीरज ने बताया कि उनके घर पर जन्मदिन का कार्यक्रम था। वह अपनी पत्नी राधा के साथ घर से बाहर गए हुए थे। रात करीब 10 बजे नहर पुल के पास रखी उनकी झोपड़ी और खोखे में आग लग गई। झोपड़ी में फ्रीजर, जेवर, सिलाई मशीन, ब्यूटी पार्लर का सामान, गृहस्थी का सामान, गेहूं-चावल, बर्तन, चारपाई और बिस्तर के अलावा 20 हजार रुपया रखा हुआ था। आग से यह सारा सामान व रुपये जल गए।
आग की लपटें उठती देख करीब 200 मीटर दूर स्थित बदनपुर चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में दमकल वाहन को बुलाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल से मात्र पांच मीटर की दूरी पर सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल खड़ी थी। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। पीड़ित ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि आग की जानकारी मिली थी। तत्काल पुलिस ने पहुंचकर आग पर काबू पाया है। मामले की जांच की जाएगी।
-
अज्ञात कारणों से खोखे में लगी आग
सहार। कस्बे के सेठ मार्केट के सामने स्थित एक गली में देर रात आग लगने से एक खोखा जल गया। पीड़ित महिला कांती देवी ने बताया कि वह इस खोखा में छोटी सी दुकान के सहारे परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं। रात करीब दो बजे के करीब उसमें आग लगाई।
पीड़िता ने अज्ञात व्यक्ति पर आग लगाए जाने की आशंका जताई है। आग से लगभग पांच हजार रुपये नकद व कई जरूरी कागजात भी जल गए। इसके बाद आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। (संवाद)