औरैया। वार्षिक परीक्षा के बाद गर्मी की छुट्टी में कॅरिअर काउंसलिंग के जरिये युवाओं को भविष्य के विकल्प बताए जाएंगे। सही राह दिखाने के साथ ही विशेषज्ञों की सलाह युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अपनी भूमिका निभाएगी। इन आयोजन के लिए डीआईओएस कार्यालय में सूची तैयार की गई है।
बोर्ड परीक्षा के तहत 10वीं व 12वीं की परीक्षा के बाद अन्य कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा होगी। इसके साथ ही गर्मी की छुट्टी शुरू हो जाएगी। इसे देखते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से कॅरिअर काउंसलिंग के शिविरों का आयोजन करने निर्देश जारी किए गए हैं। इसे देखते हुए राजकीय स्कूलों का चयन किया गया है।
यहां पर आस-पड़ोस के स्कूलों के बच्चों को भी बुलाया जाएगा। इन शिविरों में विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे। आगे की पढ़ाई से लेकर भविष्य की चुनौतियों से रूबरू कराया जाएगा। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर नौकरी व व्यवसाय के तौर तरीके समझाए जाएंगे।
डीआईओएस प्रदीप कुमार मौर्या ने बताया कि राजकीय स्कूलों में कॅरिअर काउंसलिंग के शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सूची तैयार हो गई है। विशेषज्ञों समेत जिला स्तरीय अधिकारियों को इन आयोजनों में बुलाया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा बच्चे शिविरों में पहुंचें, इसके लिए प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।