औरैया। सहायल थाना क्षेत्र के पूराकला में गुरुवार देर रात पति ने लोहे की रॉड से कई वार कर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद फरार हो गया। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों की जानकारी पर पहुंचे मायके वालों ने पति समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
पूराकला निवासी राजकुमार का गुरुवार शाम पत्नी सोनी (28) से किसी का बात को लेकर विवाद हुआ था। इससे नाराज राजकुमार ने देर रात सोनी के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार कर दिए। बहू की चीखपुकार सुन ससुराली मौके पर पहुंचे तो राजकुमार भाग गया। थोड़ी देर बाद ही सोनी ने दम तोड़ दिया तो अन्य ससुराली भी फरार हो गए। पड़ोसियों ने सुबह मृतका के मायके मधेपुर सिमरिया जनपद कन्नौज पिता सुंदरलाल को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि उसका दामाद अक्सर बेटी से घर से रुपये मांगने का दबाव डालता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था। गुरुवार को भी इसी को लेकर झगड़ा होने के बाद हत्या किए जाने की जानकारी मिली है। सीओ औरैया सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि ससुराली फरार हैं। पिता की तहरीर पर पति राजकुमार, सास रेशमा, देवर सतेंद्र, ससुर गिरधारी लाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।
बच्चे बदहवास
सहायल(औरैया)। सुंदर लाल ने बताया कि उसने बेटी सोनी की शादी 2008 में राजकुमार के साथ की थी। शादी के कुछ साल बाद बेटी का ससुराल में उत्पीड़न शुरू हो गया। सोनी की हत्या के बाद बेटा अंकुल, बेटी साक्षी और तीन माह का मासूम बदहवास दिखे। पड़ोसियों ने उन्हें गले लगाकर ढांढस बंधाया।