दिबियापुर। ककोर बुजुर्ग निवासी महिला ने अपने पति पर गला कसकर हत्या करने की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला ने सास पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने मामले में महिला के पति और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ककोर बुजुर्ग निवासी सुदेश की पत्नी संध्या ने दिबियापुर थाना में तहरीर दी। बताया कि नौ अप्रैल की रात आठ बजे के करीब वह खेत में गेहूं की फसल काट रही थी। तभी वहां आया पति सुदेश शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर पति ने उसके साथ दरांती से मारपीट की। पास मौजूद लोगों के बचाने पर पति ने उसको छोड़ा।
इसके बाद वह खेत से घर चली गई। करीब एक घंटे बाद घर आए पति ने साड़ी से उसका गला कसकर हत्या करने की कोशिश की। उसने किसी तरह से फंदे को गले से निकाल लिया। इस बीच वहां आई सास विद्यावती व पति ने दोबारा मारपीट की।
बचाने आई बेटी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। शोर मचाने पर आए पड़ोसियों ने उसे बचाया। इसके बाद एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष मुकेश चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।