अजीतमल (औरैया)। एक गांव में बेटी-दामाद के साथ रह रहे 57 साल के बुजुर्ग का शव गूलर के पेड़ से रस्सी के फंदे से लटका मिला। बेटी के मुताबिक पिता बेटा न होने से आहत रहते थे। वह 10 साल से उनके साथ रह रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
गांव सहसों के थाना चकरनगर निवासी मेघ सिंह (57) की एक बेटी अर्चना ही है। बेटी की अजीतमल के गांव सुरेंदा के सुरुच के साथ शादी हो चुकी थी। मेघ सिंह 10 वर्षों से अपनी बेटी और दामाद के साथ सुरेंदा में रह रहे थे। मंगलवार रात जब सभी परिजन सो गए, तभी किसी पहर मेघ सिंह ने घर के पास बने बाड़े में गूलर के पेड़ से रस्सी के सहारे फंदा लगा लिया।
सुबह परिजनों ने उन्हें लटके देखा तो पुलिस को सूचना दी। अनंतराम चौकी इंचार्ज सुधीर भारद्वाज ने शव को नीचे उतारा। मृतक की बेटी अर्चना ने बताया कि पिता को बेटा न होने का गम था। उसकी मां का भी देहांत हो चुका है। उधर, कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि बुजुर्ग का शव पेड़ से लटका मिला है। सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।