एरवाकटरा। क्षेत्र के उमरैन भटपुरा माइनर के ओवरफ्लो होने से सैंकड़ों एकड़ फसल मंगलवार को जलमग्न हो गई। किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी अधिकारी नहीं पहुंचे। सिल्ट सफाई न होने से माइनर ओवरफ्लो हो गई। एक सप्ताह से ज्यादा पानी आने को लेकर किसान सिंचाई विभाग को अवगत करा रहे थे।
किसानों ने बताया कि उमरैन भटपुरा माइनर पिछले काफी समय से सिल्ट सफाई न होने के कारण पानी ओवरफ्लो हो रहा है। भटपुरा निवासी मुंशीलाल शाक्य, सुरेंद्र सिंह, मंजू देवी, शारदा देवी, सिपाही लाल, इस्ताक अली, बालक राम शर्मा, अशोक चक्रवर्ती, गोविंद वाल्मीकि आदि किसानों ने बताया कि गेहूं की फसल डूब गई है। फसल जलमग्न हो जाने की वजह से काफी हद तक फसल चौपट हो गई है। किसानों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी पिछले एक सप्ताह से पानी ओवरफ्लो हो रहा है। माइनर का पानी नहीं रोका गया। ऐसे में यह घटना हो गई। मंगलवार शाम किसानों ने जेसीबी का इंतजाम करते हुए जगह-जगह कटी माइनर की खांदी को बंद कराया।
बोले जिम्मेदार
माइनर के ओवरफ्लो होने का मामला संज्ञान में आया है। इटावा जिले के गांगसी रजवाह बुजिया नहर से पानी सप्लाई रोकने के निर्देश दिए गए हैं। -राजेश कुमार, अवर अभियंता सिंचाई विभाग इटावा प्रखंड