स्कूल परिसर में टूटा पड़ा बिजली तार।
- फोटो : खतरे के निशान से ऊपर बहती क्वारी नदी ।
अटसू (औरैया)। क्षेत्र के सैदपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चों में बुधवार को उस समय दहशत फैल गई। जब स्कूल के ऊपर से निकली बिजली की एचटी लाइन का तार सुबह नौ बजे के करीब टूट कर परिसर में गिर गया।
कक्षा में पढ़ रहे बच्चों की नजर पड़ी तो भगदड़ मच गई। तार टूटने के दौरान स्कूल में 35 बच्चे मौजूद थे। स्कूल में बच्चे कक्षाओं में थे, इसी बीच एचटी लाइन का तार टूट कर गिर गया। बाहर निकले कुछ बच्चों की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया, इससे बाकी बच्चों ने बाहर दौड़ने की कोशिश की, लेकिन शिक्षकों ने सभी 35 बच्चों को कक्षा में सुरक्षित बैठाया।
उधर तार टूटने की सूचना प्रधानाध्यापक ने अटसू उपकेंद्र को दी। इसके बाद स्कूल पहुंचे कर्मचारियों ने लाइन को दुरुस्त किया। प्रधानाध्यापक अनिल कुमार ने बताया कि परिसर से निकली बिजली की लाइन में आए दिन स्पार्किंग होती रहती है। विभागीय अधिकारियों को दो साल से लाइन को स्कूल के ऊपर से हटाने के लिए अवगत कराया जा रहा, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि तार टूटने के समय बच्चे कक्षाओं में थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। अवर अभियंता उपदेश कुमार ने बताया कि विद्यालय के ऊपर से निकली एचटी लाइन को हटवाने के लिए कवायद की जाएगी।