बिधूना (औरैया)। रूसी हमले के बीच युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीय मेडिकल छात्रों की सकुशल वापसी को लेकर यहां परिजनों की नींद हराम है। सरकार की ओर से सभी को सुरक्षित वापस लाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास शुरू हैं। प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम सभी छात्र-छात्राओं को विशेष ट्रेन से यूक्रेन के पड़ोसी मुल्क रोमानिया भेजे जाने की तैयारी की गई थी, लेकिन ऐन वक्त पर रेलवे स्टेशनों पर शुरू हुई बमबारी के चलते सभी ट्रेनें निरस्त कर दी गईं।
रेलवे स्टेशन पहुंचे सभी छात्र-छात्राओं को वापस उनके हॉस्टल भेज दिया गया। अचानक से बच्चों को वापस हॉस्टल भेजे जाने की जानकारी मिलते ही यहां परिजनों में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने सरकार से बच्चों को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। कई छात्र-छात्राओं के रोमानिया पहुंच जाने की सूचना पर उनके परिजनों ने संतोष जताया है।
यूक्रेन में एमबीबीएस कर रहे बिधूना निवासी शिव प्रताप के पिता ब्रजपाल सिंह ने बताया कि यूक्रेन के डेनाप्रो शहर में शाम साढ़े सात बजे तक बेटा विभिन्न हिस्सों में रहने वाले 44 भारतीय लोगों के साथ पहुंच गया था। यहां से सभी को विशेष ट्रेन से गंतव्य के लिए रवाना होना था। इसी बीच चाचा ब्रजमोहन चौहान की भी बेटे शिव प्रताप से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई। बताया कि शाम तक सब कुछ ठीक था।
शिव प्रताप समेत सभी छात्र-छात्राओं को रोमानिया पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई थी। लेकिन अचानक से शाम को रूस की ओर से यूक्रेन के रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाकर बमबारी शुरू कर दी गई। जिससे विशेष ट्रेन को निरस्त कर सभी को वापस उनके हॉस्टल भेज दिया गया है। बताया कि इस जानकारी से हम सभी बहुत चिंतित हैं। जानकारी होते ही शिव प्रताप की मां निर्मला देवी, दादी विटान देवी, छोटे भाई शिवम व हेमंत के अलावा छोटी बहन निशा भी परेशान हैं।
इसी तरह बिधूना के आदर्श नगर निवासी एमबीबीएस आखिरी सेमेस्टर की शिवानी चौहान यूक्रेन में ओडेसा शहर में है। भाई दिवांशु ने बताया कि बहन से दोपहर में तीन बजे फोन पर बात हुई थी। उसने रोमानिया सीमा पर पहुंचने की जानकारी दी थी। उसके बाद से बात नहीं हुई है।
नगर के मोहल्ला नवीन बस्ती पूर्वी निवासी अदिति यादव एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। छात्रा के पिता शिक्षक मुकेश यादव ने बताया कि सुबह रोमानिया बार्डर पर बेटी पहुंच गई थी। उसने कहा था कि पापा अब फोन से बात संभव नहीं है। बताया कि वह पल-पल की जानकारी कर रहे हैं।