औरैया। लोकसभा चुनाव 2019 में महिला मतदाताओं की मतदान में भागीदारी बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन अब आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से मदद ले रहा है। अब यह कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर 18 साल या उससे ऊपर के महिला मतदाताओं को चिंह्ति कर उनकी सूची तैयार करेंगी। जिससे उनको वोटर बनाया जा सके।
जिला प्रशासन ने महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अभिषेक सिंह ने सोमवार को ककोर मुख्यालय में बताया कि शासन के निर्देश के चलते जिले के लिंगानुपात के ग्राफ को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता को निर्देश दे दिए गए हैं। बताया कि उक्त कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर वहां ऐसे महिला मतदाताओं को चिंहित करने का काम करेंगी जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।
इससे एक ओर लिंगानुपात का प्रतिशत बढ़ेगा, दूसरा मतदाता बनने से वंचित महिलाओं को मतदाता बनने का अधिकार भी प्राप्त हो जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त कार्यकर्ता गांवों में भ्रमण के दौरान ऐसे लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करेंगे, जोकि किसी के बहकावे में आकर अपना मतदान करते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मतदाता सूची में सूचीबद्ध होने से वंचित रहे लोगों को सही तरीके से चिंह्नित करने के निर्देश दिए है। इस काम में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले में तीन सालों की तुलनात्मक लिंगानुपात
वर्ष कुल वोटर्स लिंगानुपात
2014 970400 810/864
2017 958887 821/864
2019 992359 826/864