खेतों में खड़ी फूलगोभी की फसल।संवाद
औरैया/बिधूना। शहर में दोपहर को तेज बारिश शुरू हो गई। इससे पहले सुबह से ही बादल छाए थे। बारिश होने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। वहीं, कृषि मौसम वैज्ञानिकों द्वारा लगातार बारिश की संभावना जताई जा रही है लेकिन पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश नहीं हो रही है। रविवार और सोमवार को 19.9 मिमी व सोमवार और मंगलवार को 9.9 मिमी बारिश होने का अनुमान था लेकिन अनुमान के अनुसार बारिश नहीं हो पाई। अब कृषि मौसम वैज्ञानिक अगले 24 घंटे में 31.1 मिमी बारिश होने का अनुमान लगा रहे हैं।
मंगलवार को पूरे दिन बिधूना तहसील क्षेत्र में आसमान में काले बादल छाए रहे। लोगों को उम्मीद थी कि बारिश शुरू हो सकती है लेकिन शाम चार बजे तक बारिश नहीं हुई। हालांकि धूप भी नहीं निकली लेकिन उमस ने लोगों को परेशान किए रखा। वहीं, औरैया शहर में दोपहर को तेज बारिश शुरू हुई। इसी तरह ककोर में भी दोपहर को बूंदाबांदी हुई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. रामपलट सिंह ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री तो न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे में 31.1 मिमी बारिश की संभावना है।
-
ज्यादा बारिश से सब्जी फसलों में नुकसान की आशंका
किसानों का कहना है कि ज्यादा बारिश से फूलगोभी में कीट लगने का डर है। अन्य हरी सब्जियों की फसलों को भी नुकसान की आशंका है। रठगांव व सहासपुर क्षेत्र में इस समय फूलगोभी की पौध खेतों में रोपी जा चुकी है। लगातार नमी व बारिश से फसल में कीट लगने व पत्तियां खराब होने का खतरा बढ़ सकता है। किसानों का कहना है कि खेतों में पानी अधिक समय तक ठहरा तो सब्जियों की फसल प्रभावित हो सकती है। वहीं, रामपुर बाबपुर क्षेत्र में बारिश होने से बंदगोभी रोपाई लेट हो रही है।
कहीं राहत तो कहीं जलभराव की चिंता
कृषि मौसम वैज्ञानिक के अनुसार यदि 31.1 मिमी के आसपास बारिश होती है तो धान के साथ बाजरा और मक्का की फसल को भी इसका लाभ मिल सकता है। हालांकि अधिक बारिश होने पर निचले इलाकों और खेतों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका भी है। ऐसे में बारिश किसानों के लिए दोहरा असर लेकर आ सकती है।
खेतों में खड़ी फूलगोभी की फसल।संवाद