धूप से बचने के लिए दुपट्टे से चेहरे को ढक कर जातीं युवतियां ।
- फोटो : धूप से बचने के लिए दुपट्टे से चेहरे को ढक कर जातीं युवतियां ।
औरैया/बिधूना। रविवार को तेज धूप और भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। सुबह से ही चटक धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। दिन में तापमान 40 डिग्री तक जा पहुंचा।
इस दौरान औरैया शहर में बिजली की आंखमिचौली ने लोगों को बुरी तरह परेशान कर दिया। पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में हुए परिवर्तन के बाद रविवार से भीषण गर्मी ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया।
दोपहर होते ही तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया। इस दौरान शहर में बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। आती-जाती बिजली दिनभर लोगों को परेशान करती रही। भीषण गर्मी के चलते बिजली जाने पर लोगों को घरों के बाहर निकलना पड़ा।
बिधूना में भी धूप के तेवर तल्ख रहे। प्यास बुझाने के लिए लोगों ने शिकंजी, फलों, गन्ने के जूस, समेत अन्य पेय पदार्थों का सहारा लिया। दोपहर के समय शहर के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
मौसम विभाग विशेषज्ञ डॉ. रामपलट के अनुसार सोमवार को अधिकतम पारा 41 व न्यूनतम पारा 29 रहेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम 30 डिग्री व बुधवार तक अधिकतम तापमान 43 व न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।