औरैया। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव के चलते हो रहे बदलाव के कारण बुखार के मरीजों की संख्या खासी बढ़ रही है। बुधवार को जिला अस्पताल में साढ़े आठ सौ मरीजों की ओपीडी होने के चलते डॉक्टरों के कक्ष भरे रहे। वहीं भारी संख्या में पहुंचे मरीजों के चलते दवा वितरण कक्ष के बाहर मारामारी रही।
जिला अस्पताल के नई बिल्डिंग में संचालित ओपीडी के दौरान डॉ.शहजाद जहीर अपने कक्ष में मौजूद थे। वहीं मरीजों की भारी भीड़ जमा थी। पूछने पर डॉ.शहजाद जहीर ने बताया कि आज मरीजों की संख्या बहुत दिख रही है। उनके पास आए मरीजों में सबसे ज्यादा वायरल बुखार के मरीजों के अलावा कुछ मरीज त्वचा संबंधी बीमारी के भी आए। बताया कि इसका प्रमुख कारण है कि मौसम में बढ़ रही भीषण गर्मी व उमस है।
सीएमएस कार्यालय कक्ष में प्रभारी सीएमएस डॉ.प्रमोद कटियार मरीजों को देखने में व्यस्त दिखे। केबिन में भारी संख्या में मरीज भरे पड़े थे। इस दौरान डॉ.प्रमोद कटियार ने बताया कि मौसम बदलने से बुखार के मरीजों की संख्या ज्यादा दिख रही है। बताया कि इससे बचाव का मुख्य उपाय है कि पानी उबाल कर ठंडा करके पिंए, बासी खाना न खाएं, खुला भोजन बिल्कुल न खाएं साथ ही बाहर का तला भुना खाद्य पदार्थ का सेवन न करें और परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सक की सलाह लेकर ही दवा लें। दोपहर 12 बजे जिला अस्पताल में मरीजों की काफी संख्या दिखाई दी।