औरैया। चुनाव के बाद सोमवार को ओपीडी खुली तो मरीजों की संख्या बढ़ी। अस्पताल पहुंचने वाले ज्यादातर मरीज उल्टी, दस्त, बुखार के थे। डाक्टरों ने उनका परीक्षण कर दवाएं और बचाव की सलाह दी।
50 शैया जिला अस्पताल में सोमवार को 500 से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे। एकाएक मरीजों की भीड़ होने पर ओपीडी में मौजूद डॉक्टरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, भीड़ अधिक होने की वजह से शारीरिक दूरी का दायरा भी टूटता दिखा। ओपीडी में सभी मर्ज के मरीज खुद को दिखाने आए थे। इनमें अधिकतर खांसी, जुकाम, बुखार, हाथ-पैरों में दर्द समेत उल्टी, दस्त के रहे।
सभी मरीजों के लाइन में लगने पर ही डॉक्टरों ने उनका उपचार कर दवा लिखी। सीएमएस डॉ. राजेश मोहन गुप्ता ने बताया कि ओपीडी के लिए 500 से अधिक पर्चे बने। सभी का इलाज कर उन्हें दवाएं उपलब्ध कराई गईं। मौसम में बदलाव होने के कारण उल्टी, दस्त, बुखार के मरीज बढे़ हैं। ऐसे में ताजा भोजन, साफ, सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।