दिबियापुर। थाना क्षेत्र के गांव गुलरिहा में मंगलवार दोपहर पारिवारिक कलह के चलते जमकर हंगामा हुआ। पत्नी और छोटे भाई को घर में घुसने से रोकने के लिए एक युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और उत्पात मचाना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को युवक को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
गांव निवासी एक व्यक्ति राजमिस्त्री का काम करते हैं। उनके चार बेटे हैं। परिजन के अनुसार सबसे बड़े बेटा की शादी चार साल पहले सहार क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच अनबन हो गई। आरोप है कि इसके बाद विवाहिता बड़े बेटे को छोड़कर अब राजमिस्त्री के ही तीसरे नंबर के बेटे के साथ रहने लगी।
मंगलवार दोपहर जब तीसरे नंबर का बेटा और बहू घर पहुंचे, तो बड़े भाई ने उन्हें घर में घुसने से रोक दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और उसने कमरे में जाकर अंदर से कुंडी बंद कर ली। इस दौरान उसने जमकर उत्पात मचाया।
परिजनों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा खुलवाया और युवक को बाहर निकाला। इस दौरान घर की महिलाओं और अन्य लोगों ने युवक को थाने ले जाने का विरोध किया जिससे पुलिस से उनकी नोकझोंक भी हो गई। फिलहाल पुलिस युवक और उसके भाई छोटू सहित कुछ अन्य लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले आई है।