बेला (औरैया)। गांव स्थित कानपुर रोड पर रविवार सुबह एक वृद्ध महिला सड़क किनारे बैठी मिली। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ कर उनके परिजन से संपर्क करने का प्रयास किया।
पूछताछ में महिला की पहचान रामवती निवासी मदरे पुरवा, ठठिया कन्नौज के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि उनका नाती सोनू उन्हें बेला-कानपुर रोड पर छोड़कर चला गया था। वह शनिवार रात से वह सड़क किनारे बैठी थीं। उपनिरीक्षक बृजभूषण तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित स्थान पर बैठाकर उनसे जानकारी ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने थाना ठठिया को भी सूचना दे दी है। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि महिला के परिजन से संपर्क किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें उनके परिजन के सुपुर्द कर दिया जाएगा।