औरैया। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के बाबा को गांव के ही दो लोगों ने उसकी शादी न करने की धमकी दी है। विरोध पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित वृद्ध की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 73 वर्षीय एक वृद्ध ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी नातिन का रिश्ता रनियां कानपुर देहात में तय किया। बरात 13 मई को आनी है। उससे रंजिश रखने वाले गांव के अनिरुद्ध उर्फ छुन्ना व आशीष ने उसके घर आकर उसे नातिन की शादी न करने की धमकी दी।
जब उसने विरोध किया तो यह लोग गाली-गलौज करने लगे। ग्रामीणों को आता देख जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। धमकी से परिजन दहशत में हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।