औरैया। जिले में रविवार को नौ वर्षीय बालिका कोरोना संक्रमित मिली है। उसका लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं एक मरीज ने कोरोना से जंग जीती है।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को कंचौसी बाजार निवासी नौ वर्षीय बालिका संक्रमित मिली है। उसकी जांच लखनऊ के प्राइवेट कोविड अस्पताल में हुई थी और रविवार को उसकी रिपोर्ट पोर्टल पर दर्ज हुई है। जिले में 20 एक्टिव केस बचे हैं। होम आइसोलेट मरीजों की संख्या दो है और जिले के बाहर के प्राइवेट कोविड अस्पतालों में 18 मरीज भर्ती हैं।
छह एक्टिव हॉटस्पॉट हैं। सीएमओ ने बताया कि संक्रमण का खतरा टला नहीं हैं। रविवार को टीमों ने 2000 सैंपल लिए। सैफई लैब से अब 521 आरटीपीसीआर सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार हैं। सीएमओ ने लोगों से लापरवाही न बरतने की अपील की है।