औरैया। कोरोना की दूसरी लहर में डब्ल्यूएचओ के मानकों पर बेहतर प्रबंधन और जनहित कार्य करने पर जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन अवार्ड दिया गया है।
कोरोना काल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने और जिले में पर्याप्त ऑक्सीजन मुहैया कराने के साथ ही मरीजों व तीमारदारों के लिए निशुल्क कैंटीन संचालित की गई। लॉकडाउन का भी कड़ाई से पालन कराने में डीएम की अच्छी भूमिका रही। जिले में कोरोना से मृत्यु दर भी कम रही। जनहित में बेहतर प्रबंधन और कार्य करने पर जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा को पुरस्कृत किया गया। यह सम्मान हेड ऑफ यूरोप विलहेल्म जेजलर की तरफ से वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड के यूपी हेड मनोज कुमार ने दिया।
डीएम ने कहा कि यह सम्मान जिले के कोरोना योद्धा, डॉक्टर, प्रशासनिक अधिकारियों, ऑक्सीजन प्रबंधन करने वालों, जनप्रतिनिधियों को समर्पित है। प्रशासन जल्द ही कोरोना महामारी में बेहतर कार्य करने वाले डॉक्टर, उद्यमियों, प्रशासनिक अधिकारियों को औरैया रत्न से सम्मानित करेगा। डीएम का कहना है कि यह पुरस्कार पहली बार किसी जिलाधिकारी को दिया गया है।