औरैया। राज्यसभा सांसद गीता शाक्य की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई।
इसमें योजनाओं व विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जनहित के कामों को गुणवत्ता से पूरा किया जाए। बैठक में सरकारी योजनाओं में किए गए व कराए गए कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कि वह अपने-अपने विभाग से संबंधित लाभान्वित किए जाने वाले पात्रों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं। जिससे उनका सत्यापन भी हो सके। यदि कोई पात्र योजना के लाभ से वंचित है तो उसे भी लाभ दिलाया जा सके।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता व भ्रष्टाचार किए जाने की शिकायत प्राप्त होगी तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि पंचायत सचिव एक स्थान पर काफी समय से तैनात हैं, इनका स्थानांतरण किया जाए। इसी प्रकार शहर में तैनात विद्युत विभाग के एसडीओ विद्युत को भी हटाए जाने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष नगर पंचायत दिबियापुर राघव मिश्रा ने दिबियापुर रेलवे स्टेशन पर ज्यादा ट्रेनों के ठहराव की मांग की। वहीं, लाइन क्रॉस करने के लिए फ्लाईओवर ब्रिज व रैंप बनवाए जाने को कहा। बैठक में बिधूना से आवागमन के लिए रोडवेज बसों की संख्या कम होने के कारण आमजन की परेशानी को दृष्टि कर रखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई जाने का भी आग्रह किया गया।
वहीं, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की कार्य शैली पर असंतोष व्यक्त किया गया। अवैध खनन वाले डंपरों पर मिलीभगत होने के कारण नियमानुसार कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया गया।
इस पर राज्यसभा सांसद ने कहा कि यदि ऐसा है तो स्थिति गंभीर है। इसकी जांच की जाए और नियमानुसार कार्रवाई हो। बैठक के अंत में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों व सुझावों पर अमल किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
बैठक में सांसद इटावा जितेंद्र सिंह दोहरे, विधायक दिबियापुर प्रदीप यादव, विधायक सदर गुड़िया कठेरिया, विधायक बिधूना रेखा वर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, अपर जिलाधिकारी महेंद्र पाल सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, वनाधिकारी राकेश कुमार, सदस्य विधान परिषद प्रांशु दत्त द्विवेदी, राज्य सभा सांसद प्रतिनिधि अनुराग शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख अजीतमल रजनीश पांडे, ब्लॉक प्रमुख अछल्दा शरद राना, ब्लॉक प्रमुख बिधूना प्रतिनिधि आदर्श ठाकुर, ब्लॉक प्रमुख भाग्यनगर रेशमा दोहरे, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अनूप गुप्ता, अध्यक्ष नगर पंचायत फफूंद अनवर कुरैशी, अध्यक्ष नगर पंचायत दिबियापुर राघव मिश्रा, अध्यक्ष नगर पंचायत अटसू इंदु गुप्ता, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह सहित जनपद स्तरीय संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।