दिल्ली से आईं गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां।
- फोटो : अमर उजाला
धनतेरस पर इस बार चांदी के गणेश- लक्ष्मी की धूम रहेगी। सर्राफा दुकानदारों ने तगड़ा स्टाक मंगाया है। धनतेरस पर शहर के सर्राफा बाजार में तकरीबन 40 लाख रुपये की खरीद फरोख्त का अनुमान है। बर्तन कारोबार 50 लाख रुपये के करीब पहुंचने के आसार हैं। धनतेरस को दुकानें सजाई जाने लगी हैं।
धनतेरस पर बर्तन और चांदी के आइटमों की मांग अधिक होती है। इसको लेकर कारोबारियों ने ग्राहकों की मांग के अनुसार बड़े पैमाने पर स्टाक जमा किया है। डिजाइनों का विशेष ध्यान रखा गया है। सर्राफा कारोबारियों की मानें तो इस बार बाजार में दिल्ली और आगरा से बने चांदी के गणेश -लक्ष्मी की खासी मांग है। सर्राफा कारोबारियों ने 50 ग्राम से लेकर 500 ग्राम तक चांदी के बने गणेश- लक्ष्मी की मूर्तियां मंगवाई हैं।
चांदी के बर्तन भी बाजार में उपलब्ध हैं। सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष सर्वेश वर्मा उर्फ लालू ने बताया कि चांदी के आइटम ग्राहकों के लिए सबसे मुफीद हैं। उम्मीद है कि इस बार लोग चांदी के आइटमों की जमकर खरीद करेंगे। इस बार सर्राफा कारोबार 40 लाख रुपये के आस-पास रहने के आसार हैं।
धनतेरस पर बर्तनों की भी खरीद होती है। इसके चलते दुकानदाराें ने डिजाइनदार बर्तनों का स्टाक कर रखा है। दुकानदारों ने बुधवार की देर शाम तक दुकानों की सजावट का काम भी शुरू कर दिया है। बर्तन कारोबारी अशोक अग्रवाल ने बताया कि ग्राहकों की मांग को देखते हुए डिजाइनदार बर्तन बाजार में हैं। इस बार बर्तन कारोबार 50 लाख रुपये के करीब होने की उम्मीद है।