एरवाकटरा क्षेत्र के गांव नगला बास और दिलालपुर में शनिवार को आग लगने से चार गृहस्थी जलकर राख हो गई। अग्निकांड से तबाह हुए परिवारों को अब खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को देते हुए पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की।
क्षेत्र के गांव नगला बास में शनिवार की शाम सात बजे गांव के ही निवासी आनंद पुत्र सत्य नरायन के फूस की झोपड़ी में आग लग गई। जिससे घर में रखा दैनिक उपयोग का सामान जलकर राख हो गया। वहीं गांव दलालपुर में एक साथ रहने वाले तीन भाई वीरेंद्र सिंह,बालकृष्ण सिंह, अरविंद के मकान में आग लग गई। आग की लपटों को देख सभी लोगों ने मकान से बाहर निकलकर जान बचाई। आग देख ग्रामीणों की मदद से मकान मालिकों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक घर में रखा सभी सामान जलकर राख हो चुका था। ग्रामीणों ने इन घटनाओं की जानकारी तहसील प्रशासन को देते हुए पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की।