बेला (औरैया)। बिधूना मार्ग पर मंगलवार रात तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पलटने के बाद करीब 200 मीटर तक घिसटती हुए खड्ड में चली गई।
हादसे में कार सवार चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को कन्नौज के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत नाजुक बनी हुई है। अभी तक सिर्फ एक युवक की पहचान हुई है।
कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के रहने वाले चार दोस्त मंगलवार रात करीब 10 बजे कार से एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। कार जैसे ही बेला थाना क्षेत्र के गांव छैरी स्थित पुलिया के पास पहुंची, तभी चालक नियंत्रण खो बैठा। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि पलटने के बाद भी कार सड़क पर घिसटते हुए सड़क किनारे गहरे खड्ड में चली गई।
हादसा इतना भीषण था कि आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों के होश उड़ गए। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला और एक निजी अस्पताल पहुंचाया। निजी अस्पताल के डॉक्टर ने दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल रेफर कर दिया। इसके बाद चारों घायलों को जनपद कन्नौज के तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घायलों में से एक युवक ने अपना नाम सुनील कुमार बताया है। अन्य की पहचान में पुलिस जुटी है। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन उससे पहले ही ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए ले जा चुके थे। फिलहाल पुलिस घायलों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।