प्रथम चरण के चुनाव में शनिवार को बिधूना और एरवाकटरा ब्लाक में 207659 वोटर वोट डालेंगे। वहीं दोनों ब्लाकों में ग्राम प्रधान के 115 और 1437 वीडीसी पदों के लिए चुनाव होगा। इसके लिए क्षेत्र को आठ जोनल व 35 सेक्टरों विभाजित किया गया है।
प्रथम चरण के मतदान के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से कुल 193 मतदान केंद्रों से संबद्ध 351 बूथों पर मतदान कराने के लिए एलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रथम चरण में शामिल बिधूना ब्लाक में ग्राम प्रधान के 69 व वीडीसी के 855 पदों के सापेक्ष 94 वार्डों में मतदान संपन्न कराने के लिए 113 मतदान केंद्रों के 194 बूथों पर शनिवार को पोलिंग पार्टियों ने अपनी ड्यूटी संभाल ली है।
सुबह सात बजे से शुरू हो रहे मतदान में ब्लाक बिधूना क्षेत्र के 114456 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां चार-चार सुपरजोन व जोन के अलावा 20 सेक्टरों में बंटे बिधूना ब्लाक में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने को जिला प्रशासन की ओर से 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
इसी तरह ब्लाक एरवाकटरा के 93209 मतदाताओं से मतदान कराने की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यहां ग्राम प्रधान के 46 पदों के लिए 462 दावेदार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जबकि वीडीसी के 582 पदों के सापेक्ष 94 वार्डों के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है। एरवाकटरा ब्लाक मभें मतदान प्रक्रिया पूरी कराने के लिए 80 मतदान केंद्रों पर 157 बूथ स्थापित किए गए हैं।
एरवाकटरा ब्लाक में भी चार-चार सुपरजोन व जोन के अलावा 15 सेक्टरों में बंटे बिधूना ब्लाक में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। एडीईओ रावेंद्र सिंह ने बताया कि मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के अलावा सुपर जोनल व स्टेटिक मजिस्ट्रेट बूथों पर मुस्तैदी से कड़ी निगाह रख रहे हैं। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को कड़ी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।