जिला बार एसोसिएशन के चुनाव की दुंदभी बजते ही प्रत्याशियों में सक्रियता तेज हो गई है। तीन दिवसीय नामांकन कार्यक्रम के तहत आज पहले दिन जिला जजी में विभिन्न पदों के लिए नामांकन करने वालों का तांता लगा रहा। बुधवार को 11 प्रत्याशियों ने एल्डर्स कमेटी के समक्ष अपने-अपने पर्चे दाखिल किए।
नामांकन में प्रथम दिन प्रत्याशी वकीलों ने लाव लश्कर के साथ अपने-अपने नामांकन पत्र जमा किए। एल्डर्स कमेटी के शिव शंकर दीक्षित व संतोष दीक्षित ने बताया कि आज अध्यक्ष पद के अशोक अवस्थी व इंद्रपाल सिंह भदौरिया, महामंत्री पद हेतु संजीव चतुर्वेदी उर्फ छुन्ना ने अधिवक्ताओं के साथ नामांकन किया।
उपाध्यक्ष पद पर रामऔतार कश्यप व कोषाध्यक्ष पद हेतु विकास कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किए। संयुक्त मंत्री पद पर पंकज शर्मा, ब्रजेश यादव व अंबरीश मिश्रा ने तथा वरिष्ठ सदस्य पर भूप सिंह पाल व अजय तिवारी ने पर्चे दाखिल किए। इसके अलावा कनिष्ठ सदस्य पद पर रवींद्र कुमार चौधरी ने अपना नामांकन पत्र भरा।
डीबीए प्रवक्ता शिवम शर्मा एडवोकेट ने बताया कि 27 मार्च तक नामांकन होगा। बाद इसके 30 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच के उपरांत 31 मार्च तक आपत्तियों की सुनवाई होने के साथ ही नामांकन सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
बताया कि मतदान आठ अप्रैल को होगा। प्रवक्ता श्री शर्मा के अनुसार इस बार 340 वकील अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।