अयाना (औरैया)। लेनदेन के विवाद में अयाना थाना क्षेत्र के कैथौली गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट व फायरिंग हो गई। छर्रें लगने दो ग्रामीण मामूली रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। जानकारी पर सीओ अजीतमल व अयाना थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल से तमंचा, कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
कैथौली गांव निवासी मुकेश दुबे व आकाश दुबे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे में नौकरी करते थे। पिछले दिनों यहां से डीजल चोरी हुआ था। जानकारी होने पर ठेकेदार ने मुकेश को नौकरी से निकालकर उसके वेतन से सात हजार रुपये भी काट लिए थे।
सोमवार की दोपहर मुकेश आकाश के घर पहुंचा और उस पर ही उसे नौकरी से निकलवाने का आरोप लगाते हुए सात हजार रुपये मांगने लगा। इस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आकाश अपने घर के अंदर से तमंचा निकाल लाया और मुकेश पर दो फायर कर दिए।
छर्रें लगने की वजह से गांव के कृष्णकांत व राजेश घायल हो गए। राजेश ने घायल हालत में भी किसी तरह आरोपी आकाश से तमंचा छीन लिया। इसके बाद आकाश मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंचे सीओ अजीतमल प्रदीप कुमार भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
मुकेश के छोटे भाई ने अयाना थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ अजीतमल प्रदीप कुमार ने बताया कि मौके से तमंचा-कारतूस व दो खोखे बरामद हुए है। रिपोर्ट दर्जकर आरोपी की तलाश की जा रही है।