फोटो-36-फसल अवशेष में लगी आग पर पानी की बौछार करते दमकल कर्मी। संवाद
औरैया। गांव आनेपुर के पास स्थित साईं मंदिर के पीछे खेत में मंगलवार सुबह फसल के अवशेषों में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास ही खड़ी गेहूं की तैयार फसल की ओर बढ़ने लगी। ऐसे में दमकल विभाग की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा बच गया।
मंगलवार सुबह खेतों में खड़ी फसल अवशेष में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। धुएं का गुबार देख ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। दमकल कर्मी गौरव शाक्य अपने साथियों के साथ तत्काल दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए पानी की बौछारें शुरू कीं और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
दमकल विभाग की इस त्वरित कार्रवाई का परिणाम रहा कि आग बगल के खेत तक नहीं पहुंच सकी। इससे गांव चिरहूली निवासी सोनू राजावत के दो बीघा खेत में खड़ी गेहूं की तैयार फसल सुरक्षित बच गई। आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। बड़ा हादसा होने से बच गया।