संवाद न्यूज एजेंसी
अटसू। क्षेत्र के गांव चांदपुर ककरैया में भीखेपुर जुआ मार्ग पर एक आटा चक्की कारखाने में शुक्रवार सुबह 9.30 बजे के करीब शार्ट सर्किट से आग लग गई। ग्रामीणों की नजर पड़ती तब तक पूरा कारखाना आग से धूं धूकर जल उठा। ग्रामीणों की सूचना पर बिजली विभाग समेत फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीणों ने आग बुझा दी।
चांदपुर ककरैया गांव निवासी विपिन कुमार अपने परिवार का भरण पोषण के लिए आटा चक्की कारखाना संचालित करता है। शुक्रवार सुबह आग लगने की घटना के दौरान वह गांव आया हुआ था। विपिन ने बताया कि आग की चपेट में आकर लगभग आठ क्विंटल पिसा हुआ आटा, लगभग 6 क्विंटल गेहूं, खेतों से लाया गया पांच क्विटंल सरसों व बिजली बिल जमा करने के लिए रखी नकदी जल गई। आग बुझाने के दौरान मिली बाकी सामान जलकर राख हो गया।
गृहस्थी का सामान फ्रिज, गैस चूल्हा बर्तन, कपड़े, टिनशेड, छप्पर, कारखाना जलकर राख हो गया। विपिन ने बताया कि तकरीबन 10 लाख का नुकसान हुआ है। आग की सूचना पर चौकी प्रभारी सतीश चन्द्र पहुंचे। वहीं नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व लेखपाल अंकित ने पहुंच कर जायजा लिया। आर्थिक मदद दिलाए जाने का आश्वासन दिया।