दिबियापुर। सर्राफ से रंगदारी मांगने व धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 17 मई की सुबह की है। पुलिस की जांच में आरोपी की लोकेशन गुरुग्राम में मिली है।
सराफा व्यापारी राजेश कुमार सोनी ने पुलिस को बताया कि 17 मई की सुबह पौने आठ बजे उनके नंबर पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। बातचीत के दौरान कॉल करने वाले ने अपने को अमित यादव उर्फ गोगा बताया और दुकान अच्छी चलने का हवाला देते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। व्यापारी के मना करने पर आरोपी धमकी देने लगा। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की बात कही तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा।
उसने खुद को दिबियापुर का रहने वाला और जयकेश यादव भूरे का बेटा बताते हुए साथी शनि यादव को भेजने की बात कही थी। दोनों के बीच हुई बातचीत की व्यापारी ने रिकॉर्डिंग कर पुलिस को सौंपी दी थी। पुलिस ने पीड़ित के पास जिस नंबर से कॉल आई उसकी जांच की तो उसकी लोकेशन गुरुग्राम में मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।