औरैया जिले से एक बेहद दर्दनाक और पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाला मामला सामने आया है। यहां कोतवाली क्षेत्र के जालौन चौराहा पर रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और सास की कथित तौर पर रोज-रोज की प्रताड़ना और मारपीट से तंग आकर विषैला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
10 साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चों की मां थी अनीता
जानकारी के मुताबिक, फफूंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पाता पड़रिया की रहने वाली पीड़ित मां द्रोपदी ने औरैया कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। द्रोपदी ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री अनीता देवी की शादी करीब 10 वर्ष पहले औरैया कोतवाली क्षेत्र के जालौन चौराहा निवासी राजेश के साथ पूरे रीति-रिवाज से की थी।
बेहरमी से मारपीट, मायके छोड़ गया था पति
तहरीर के अनुसार, बीते 16 जून को घर में हुए किसी विवाद को लेकर मां-बेटे (राजेश और शकुंतला) ने मिलकर अनीता को बेरहमी से पीटा। इसके बाद भी जब उनका दिल नहीं भरा, तो पति राजेश 18 जून को अनीता और उसके दोनों बच्चों को जबरन गाड़ी में बैठाकर फफूंद स्थित उसके मायके पाता पड़रिया छोड़ आया। मायके छोड़ते वक्त भी आरोपी ने अनीता के साथ बदसलूकी की थी।
सैफई ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
अनीता की हालत मरणासन्न देखकर बदहवास मां द्रोपदी और अन्य परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज चिचौली (इटावा) लेकर भागे। वहां अनीता की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के लिए रेफर कर दिया।
सैफई अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद परिजनों को बताया कि अनीता ने किसी बेहद खतरनाक विषैले पदार्थ (जहर) का सेवन कर लिया है। अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए आखिरकार 19 जून को अनीता ने दम तोड़ दिया।इस दुखद घटना के बाद पीड़ित मां न्याय के लिए औरैया कोतवाली के चक्कर काटती रही। आखिरकार घटना के एक महीने बाद पुलिस ने मां की तहरीर को संज्ञान में लिया।