औरैया। शहर स्थित आयकर कार्यालय में पति से मिलने गई पत्नी को पति समेत तीन लोगों ने पीट दिया था। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आयकर निरीक्षक पति समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी शिप्रा दीक्षित ने पुलिस को बताया कि उनके पति नवीन कुमार दुबे आयकर विभाग में निरीक्षक हैं। 27 अप्रैल को पति से मामूली कहासुनी हो गई थी। वह घर से ऑफिस के लिए निकले इसके बाद वापस नहीं आए। 30 अप्रैल की शाम उनके मोबाइल पर पति का मैसेज आया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। इस पर वह ऑफिस पहुंचीं। वहां पहले से ही उनके पति के दोस्त अमित कुमार और अभिषेक कुमार मौजूद थे।
आरोप है कि बातचीत के दौरान ही पति व अन्य आरोपियों ने उनको पीट दिया। बाद में आरोपी धमकी देने लगे। किसी तरह उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।