औरैया। अब किसानों को खाद, बीज, कीटनाशक दवा एवं कृषि यंत्रों की सुविधाएं वन स्टॉप शॉप के जरिए एक छत के नीचे मिलेंगी। यह सहूलियत देने को कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना में एग्री जंक्शन की स्थापना होगी।
पूरे जिले में छह एग्री जंक्शन खोले जाएंगे, जहां पर किसानों को वन स्टाप शॉप के जरिए एक छत के नीचे खाद, बीज व कीटनाशक दवाएं, कृषि यंत्र मिलेंगे।
जनपद में किसानों को खाद, बीज, कीटनाशक या फिर कृषि यंत्र के लिए इधर-उधर भागदौड़ लगानी पड़ती थी। इससे उनकी जेब पर बोझ तो पड़ता था, साथ ही समय भी अधिक खर्च होता था। इसे देखते हुए सरकार ने कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना में जिले में एग्री जंक्शन की स्थापना कराने का फैसला लिया।
औरैया जनपद में भी छह एग्री जंक्शन खोलने का लक्ष्य मिला है। उप कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार वर्मा बताते हैं कि योजना में जनपद में किसानों को एक ही छत के नीचे वन स्टाप शॉप के जरिए बीज, उर्वरक, कीटनाशक, जैव उर्वरक, वर्मी कंपोस्ट, कृषि यंत्र व प्रसार सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी।
कृषि स्नातक, परास्नातकों से मांगे आवेदन
कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना में वर्ष 2025-26 में मिले एग्री जंक्शन के लक्ष्य को पूरा करने को कृषि विभाग ने जनपद के कृषि स्नातक व परास्नातक से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। ये आवेदन 20 जुलाई, 2025 तक कृषि विभाग के विभागीय पोर्टल https:// agriculture.up.gov.in/agrijunction अथवा https://agridarshan.up.gov.in पर agrijunction पर क्लिक कर आनलाइन भरे जा सकते हैं।